- कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर Zero Tolerance नीति के तहत सख़्त अभियान
दुर्ग। जिले में मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा 16 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र में व्यापक पुलिस बल तैनात कर सघन निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ असामाजिक तत्व बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर मड़ई मेला, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों में भय और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका थी। ऐसे युवकों को तत्काल चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख़्त कार्रवाई करते हुए लोहे के कड़े उतरवाए गए तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में लगभग 350 लोहे के कड़े जप्त किए गए। दुर्ग पुलिस की इस प्रभावी एवं समयोचित कार्रवाई से मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अनुशासन बना रहा और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना तथा पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मड़ई मेला, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, हथियारनुमा वस्तुएँ पहनकर घूमने, भय का वातावरण निर्मित करने अथवा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध आगे भी बिना पूर्व सूचना के कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जनसुरक्षा सर्वोपरि है — कानून तोड़ने वालों के लिए किसी भी प्रकार की ढील नहीं।

