मकर संक्रांति पर दो दिन का अवकाश, गोरखनाथ मंदिर में उमड़ेगी आस्था; मौसम देगा थोड़ी राहत, फिर बढ़ेगी ठंड

NFA@0298
3 Min Read



गोरखपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं और आमजन को बड़ी राहत देते हुए प्रशासन ने 14 और 15 जनवरी को मंडल के सभी जिलों में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। कमिश्नर अनिल ढींगरा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक इन दो दिनों में सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।अवकाश की घोषणा के साथ ही गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों दिन मंदिर परिसर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

ठंड और कोहरे का असर: स्कूलों को राहत

प्रदेश में लगातार जारी घने कोहरे और सर्द हवाओं के चलते बच्चों को हो रही परेशानी को देखते हुए कक्षा 12 तक के अधिकतर स्कूल शनिवार तक बंद रखे गए हैं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार से स्कूल दोबारा खुलेंगे।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मिजाज, धूप से मिली राहत

शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन में खिली धूप ने ठंड से राहत दी और कोहरे का असर भी काफी हद तक कम रहा।मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी मौसम शुष्क और सुहावना रहने के आसार हैं।

सोमवार से फिर लौटेगी ठंड

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही सोमवार से तापमान में फिर गिरावट शुरू होगी।अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा, हालांकि दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, जबकि रातें ज्यादा ठंडी होंगी।

कोहरे का अलर्ट: कई शहरों में शून्य दृश्यता

शनिवार को आगरा, सरसवा, कानपुर और प्रयागराज में दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जबकि अलीगढ़ में 30 मीटर और बहराइच में महज 20 मीटर दृश्यता रही।मौसम विभाग ने चेताया है कि रविवार को तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है, जबकि अन्य इलाकों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा, जो दिन चढ़ने के साथ छंट जाएगा।



Source link

Share This Article
Leave a Comment