हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस हरिपुरधार के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।




