ढाका : बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग के ऑफिस में एक अधिकारी की मौत हो गई। चटोग्राम स्थित भारतीय उच्चायोग के ऑफिस में सुबह डेड बॉडी मिली है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेशी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई, जो भारतीय दूतावास में प्रोटोकॉल सहायक के पद पर तैनात थे।
दूसरी मंजिल पर मिला शव
वह मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले थे। उनका शव चटोग्राम के खुलशी इलाके में स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग परिसर के अंदर मिला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव पुराने वीजा केंद्र भवन की दूसरी मंजिल पर बने डेटा एंट्री रूम के बाथरूम के पास बरामद किया गया।
लगाए जा रहे ये कयास
चटोग्राम महानगर पुलिस के जनसंपर्क सहायक आयुक्त अमीनुर राशिद ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अधिकारी की तबीयत रात के दौरान शौचालय जाते समय बिगड़ी हो सकती है।
पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा गया
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हृदयाघात को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव को चटोग्राम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। भारतीय और बांग्लादेशी अधिकारियों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है।
[ad_2]
Source link