नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही भतीजे पर बेटी से शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा खिलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दवा के असर से युवती की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला है और बीते करीब तीन वर्षों से नोएडा में परिवार के साथ रह रहा था। उसी मकान में उसके छोटे भाई का परिवार भी रहता था। शिकायत के अनुसार, कुछ समय पहले छोटे भाई के बेटे ने पीड़ित की 18 वर्षीय बेटी से शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी होने पर आरोपी ने युवती को गर्भपात की दवा खिला दी। इसके बाद उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। 18 दिसंबर को उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 23 दिसंबर को युवती की मौत हो गई।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




