बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 8 जनवरी को मारपीट के बाद जबरन जहर खिलाए जाने से घायल हुए एक और हिंदू युवक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। कट्टरपंथी छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद यह बांग्लादेश में किसी हिंदू व्यक्ति की सातवीं हत्या बताई जा रही है, जिससे हिंदू समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।
यह घटना सुनामगंज जिले के दिराई उपजिले के भंगदोहोर गांव की है। जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी को हिंदू युवक जॉय महापात्रो को भीड़ ने पहले बुरी तरह पीटा और फिर उसे जबरन जहर खिला दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे सिलहट के MAG उस्मानी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।



