बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और सुकमा जिलों में चलाए गए सघन तलाशी एवं सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के पास मौजूद एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल सहित अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा भी जब्त किया गया है।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर की गई थी। अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र में अब भी तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी भी अन्य नक्सली गतिविधि पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
अधिकारियों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे बस्तर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने में मदद मिलेगी।




