बरेली में रोहिंग्या–बांग्लादेशी की तलाश में बड़ा अभियान, डीएम–एसएसपी खुद मोर्चे पर

NFA@0298
2 Min Read



बरेली। जिले में रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की अवैध मौजूदगी की सूचना पर प्रशासन शनिवार सुबह एक्शन मोड में दिखा। बारादरी थाना क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास रोड पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। खास बात यह रही कि अभियान की कमान किसी अधीनस्थ अफसर ने नहीं बल्कि खुद जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने संभाली। एसपी सिटी मानुष पारीक भी टीमों के साथ मौके पर मौजूद रहे।

सुबह सात बजे शुरू हुए अभियान के दौरान पीलीभीत बाईपास किनारे बनी झुग्गी बस्तियों, अस्थायी ठिकानों, दुकानों से लेकर निर्माण स्थलों तक अफसरों का काफिला पहुंचा। इंटेलिजेंस, एटीएस और कई पुलिस यूनिटों के साथ चलाए गए इस अभियान में संदिग्ध लोगों की पहचान व पूछताछ की गई। दस्तावेज न होने पर कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया।

डीएम अविनाश सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध रूप से रहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सुरक्षा सिस्टम को मजबूत बनाना और संदिग्ध गतिविधियों को रोकना ही इस कवायद का मकसद है। अभियान से इलाके में हड़कम्प जरूर मचा, लेकिन अधिकांश स्थानीय लोगों ने इसे स्वागत योग्य कदम बताया। अफसरों ने कहा कि आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment