छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि राजधानी रायपुर में आज 44 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
पिछले 24 घंटे में रायपुर का तापमान एक डिग्री तक बढ़ा है और शुक्रवार को दोपहर बाद तेज धूप व जलन भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि दो दिन बाद प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।



