चांपा पुलिस को पोस्ट ऑफिस धोखाधड़ी मामले में बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और थाना चांपा की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी एजेंट दीपक कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया गया है। मामले में प्रार्थी राजकुमार देवांगन ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2018 से उसने पोस्ट ऑफिस चांपा में दो खातें खुलवाए थे और मासिक ₹1500 जमा करता था। हालांकि, ₹66,000 जमा करने के बावजूद केवल ₹6,900 ही खातों में जमा हुए, जबकि शेष राशि आरोपी ने फर्जी एंट्री और जाली दस्तावेजों के जरिए हड़प ली।
जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ने पांच सालों में 200 खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, दो फर्जी सिम कार्ड, चार बैंक खाते और लगभग 150 पोस्ट ऑफिस खातों के विवरण जब्त किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने धोखाधड़ी की रकम ऑनलाइन बेटिंग एप में गंवा दी।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




