फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कश्मीरी शॉल सेलर्स पर कथित हमलों पर क्या कहा
02-Jan-2026 10:38 AM
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने देश के अन्य राज्यों में कश्मीर के शॉल सेलर्स पर कथित हमलों पर प्रतिक्रिया दी है.
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा, “ये हमारी किस्मत है. कुछ लोग हैं जिनका मक़सद ही कुछ और है. वो चाहते हैं कि हिटलर का निज़ाम यहां पर शुरू हो. हिटलर ने अपनेआप को गोली मार ली. वहां फ़ासिज़्म ख़त्म हो गया, यहां भी वक़्त आएगा जब ये कट्टरपंथी ख़त्म हो जाएंगे.”
बीते दिनों उत्तर भारत के राज्यों में कश्मीरी शॉल बेचने वालों पर कथित हमलों और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आईं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए जम्मू-कश्मीर के नेताओं और संगठनों ने बुधवार को प्रवासी व्यापारियों की सुरक्षा और आजीविका सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों से कार्रवाई की मांग की.
जम्मू और कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने बुधवार को पीटीआई को बताया कि हरियाणा के कैथल ज़िले में कश्मीरी शॉल बेचने वाले एक व्यक्ति पर हमले के बाद पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है और अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है.
कैथल की पुलिस अधीक्षक उपासना ने पीटीआई से कहा, “पुलिस ने इस अपराध का स्वतः संज्ञान लिया है और एफ़आईआर दर्ज की है. आगे की जांच जारी है.” (bbc.com/hindi)

