

फर्रुखाबाद ।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद फर्रुखाबाद में संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि जनपद में दो कार्यदायी संस्थाएं, मै० जी०वी०पी०आर० एवं मै० वी०टी०एल० गजा द्वारा पेयजल योजनाओं का निर्माण एवं संबंधित कार्य कराए जा रहे हैं।
मै० जी०वी०पी०आर० द्वारा अब तक 66 उच्च जलाशयों का निर्माण, 181 पेयजल योजनाओं में नियमित जलापूर्ति तथा 61 योजनाओं का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण पूर्ण किया जा चुका है।
इसी प्रकार मै० वी०टी०एल० गजा द्वारा अब तक 148 उच्च जलाशयों का निर्माण, 100 पेयजल योजनाओं में नियमित जलापूर्ति तथा 158 योजनाओं का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है।
जिलाधिकारी फर्रुखाबाद द्वारा मै० जी०वी०पी०आर० को निर्देशित किया गया कि शेष कार्यों को शीघ्रता एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे जनपद के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।


