उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव से ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव की एक किशोरी दो दिन पहले घर के पास रहने वाले युवक के साथ चली गई थी। शनिवार की शाम किशोरी के परिजन दोनों को आगरा से ढूंढकर वापस गांव ले आए।
आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद किशोरी और उसके प्रेमी को करीब 100 मीटर की दूरी पर बने अलग-अलग घरों में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद रात में किशोरी की हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के इरादे से उसके शव को जला दिया गया।
रविवार सुबह प्रेमी के भाई ने घटना की सूचना यूपी 112 पर दी। सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जल रही चिता पर पानी डालकर आग बुझाई। मौके से बचे हुए अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ऑनर किलिंग की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव के प्रधान प्रतिनिधि, किशोरी के प्रेमी और उसके भाई से पूछताछ की तथा किशोरी के घर पहुंचकर मामले की गहन जांच की।




