रायपुर। CG NEWS: रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को धरसींवा विकासखंड के ग्राम देवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के ऐतिहासिक 4399 दिनों (मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों) के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों से आत्मीय भेंट की और केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर चर्चा की।


*विकास कार्यों की झड़ी, करोड़ों की सौगात:*
जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों की मांग पर सांसद श्री अग्रवाल ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
* वार्ड क्रमांक-4 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत।
* भैंसा मोड़ा से देवरी तक 2 किलोमीटर सीसी रोड निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश। मनोहरा रोड से राजू यादव के घर होते हुए गौठान तक सीसी रोड केn लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति।
* खेल मैदान में बाउंड्री वॉल के लिए फॉरेस्ट विभाग के माध्यम से वृक्षारोपण और जाली लगाने के निर्देश। मनरेगा के माध्यम से खेल मैदान के विकास हेतु 10 लाख रुपये स्वीकृत।
*गजराज तालाब के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को पूर्ण करने के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति।
* जर्जर ज्योति कैलाश भवन की मरम्मत के लिए 5 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत देवरी में घाट निर्माण के लिए 4 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
*महतारी सदन:गांव की बड़ी आबादी को ध्यान में रखते हुए महतारी सदन के निर्माण हेतु पंचायत विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
*मोदी युग: सेवा, सुरक्षा और सुशासन का पर्याय*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का प्रधानमंत्री कार्यकाल भारत के लिए स्वर्णिम युग रहा है। उन्होंने कहा, “आज देश में राम मंदिर का निर्माण, धारा 370 की समाप्ति और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे साहसी निर्णयों ने विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाया है।
जनकल्याण के समर्पित प्रधानमंत्री: मोदी सरकार की उपलब्धियां
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का सपना था कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े, सबसे गरीब व्यक्ति के जीवन में खुशहाली आए और उनके घर में उन्नति का ‘दीया’ जले। इस संकल्प को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने धरातल पर उतारा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्की छत प्रदान की गई है। पहले जहां मामूली राशि मिलती थी, वहीं आज पारदर्शिता के साथ 1.5 लाख से 2.5 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है, जिससे गरीबों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है।

गांव की महिलाओं और परिवारों के सपनों को पूरा करते हुए ‘जल जीवन मिशन’ के माध्यम से हर घर में शुद्ध पेयजल और स्वच्छता के लिए घरों में शौचालय बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है।
गरीब परिवारों के लिए आयुष्मान भारत योजना एक वरदान सिद्ध हुई है। गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हार्ट ऑपरेशन, किडनी/लिवर की बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्रदान कर मोदी जी ने गरीबों को आर्थिक तंगी से बड़ी राहत दी है।
जन-धन खातों के माध्यम से 50 करोड़ से अधिक लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर वित्तीय मुख्यधारा में शामिल किया गया है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांव-गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा गया है और हर घर तक बिजली पहुंचाई गई है।
श्री अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान और नौजवानों के उत्थान की जो बयार बह रही है, वह वास्तव में ‘अंतिम व्यक्ति के उत्थान’ (अंत्योदय) का ही प्रमाण है।
*सांसद बृजमोहन अग्रवाल का जनसंपर्क: ग्रामीणों के घर किया रात्रि भोज, वरिष्ठ कार्यकर्ता से की आत्मीय भेंट*
इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।

संपर्क अभियान के दौरान सांसद श्री अग्रवाल ने सादगी की मिसाल पेश करते हुए स्थानीय ग्रामीणों के बीच ही रात्रि भोज किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ भोजन किया और उनके सुख-दुख साझा किए। श्री अग्रवाल ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनना और उनके साथ समय बिताना ही जनप्रतिनिधि का असली धर्म है।
*वरिष्ठ कार्यकर्ता के घर जाकर जाना हाल-चाल*
अपने प्रवास के दौरान सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल धरसींवा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री बलिराम यादव जी के निवास पर भी पहुंचे। उन्होंने श्री यादव से आत्मीय भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने श्री यादव के परिजनों से भी सौजन्य मुलाकात की और परिवार के सदस्यों का हालचाल लिया। सांसद ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, सरोज चंद्रवंशी, अशोक सिन्हा, मंडल अध्यक्ष राकेश यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

