[ad_1]

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार शाम वाराणसी-प्रयागराज हाईवे का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाईवे पर अतिक्रमण, अवैध स्टैंड और अव्यवस्थित यातायात पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि ऐसी अव्यवस्थाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने पुलिस बल के साथ लहरतारा चौराहा, मोहनसराय, ट्रांसपोर्ट नगर, मिर्जामुराद और कछवां रोड तक भ्रमण कर यातायात संचालन की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंडरपास के नीचे संचालित अवैध स्टैंड और दुकानों को तत्काल हटाने तथा प्रमुख चौराहों और तिराहों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। लहरतारा अंडरपास के नीचे चल रहे अवैध स्टैंड, सड़क किनारे खड़ी बसों और यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बौलिया तिराहे पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, अवैध पार्किंग और सड़क पर खड़ी बसों के कारण प्रभावित यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। मोहनसराय, मातलदेई कट और सर्विस लेन पर रांग साइड चल रहे वाहनों, अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित ड्यूटी लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कछवां रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मिर्जामुराद और चौकी प्रभारी कछवां रोड को अतिक्रमणकारियों और अव्यवस्थित वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने हाईवे किनारे खड़े वाहनों और विपरीत दिशा में चल रहे वाहनों को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए नियमित अभियान चलाने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, रांग साइड और अवैध रूप से परिवर्तित नंबर प्लेट वाले वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। विशेष चेकिंग अभियान में कुल 27 वाहन सीज किए गए, जबकि 681 वाहनों का चालान करते हुए 13.35 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही पांच अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा तथा सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार श्रीवास्तव सहित पुलिस बल के अधिकारी मौजूद रहे।
[ad_2]
Source link