
पीलीभीत । उत्तर प्रदेश के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पीलीभीत हाईवे पर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गन्ने से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सामने से आ रही कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह दब गई। ट्रक के पलटते ही उस पर लदा सारा गन्ना कार पर आ गिरा और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बरेली की ओर से आ रही थी, जबकि ट्रक पीलीभीत की दिशा में जा रहा था। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाफिजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई है। गन्ने और पलटे हुए ट्रक को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हादसे के चलते पीलीभीत हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन मिलकर स्थिति को सामान्य करने में जुटे हैं। फिलहाल कार में सवार लोगों की संख्या और हताहतों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

