पश्चिम बंगाल के मालदा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राज्य को विकास की नई दिशा देने वाले कई अहम रेल प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक मौके पर पीएम मोदी ने भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि आज से बंगाल की प्रगति को और तेज करने का अभियान शुरू हो गया है, जिससे आम लोगों के जीवन में सुविधा और समृद्धि दोनों आएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से यात्राएं आसान और आरामदायक होंगी, वहीं व्यापार, उद्योग और कारोबार को भी बड़ा लाभ मिलेगा। रेल ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़ी नई सुविधाएं तैयार की गई हैं, जो युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने इसे भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह लंबी दूरी की यात्रा को और ज्यादा आरामदायक, शानदार और यादगार बनाएगी। यह ट्रेन ‘मां काली की धरती’ बंगाल को ‘मां कामाख्या की भूमि’ असम से जोड़ रही है, जो पूर्वोत्तर और मुख्य भूमि के बीच मजबूत कनेक्टिविटी का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का विस्तार पूरे देश में किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए बंगाल, असम और पूरे देशवासियों को बधाई दी।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने बंगाल को चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात भी दी। इनमें न्यू जलपाईगुड़ी–नागरकोइल, न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली, अलीपुरद्वार–बेंगलुरु और अलीपुरद्वार–मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों से उत्तर बंगाल की दक्षिण और पश्चिम भारत से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, जिससे यात्रियों को सुविधा और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।




