सरगुजा। CG BREAKING : जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में सामने आए दिल दहला देने वाले पत्नी हत्या कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी के साथ हैवानियत और निर्मम मारपीट के बाद फरार हुए आरोपी को मणिपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खैरबार गंझा डांड डेम के पास से पकड़ा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ ऐसी दरिंदगी की, जिसने निर्भया कांड की यादें ताजा कर दीं।

दरअसल पूरा मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के भीट्टीकला सेमर घाट का है, जहां आरोपी पति प्रदीप अगरिया ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल महिला को आरोपी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया था। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। मामले में जब पोस्टमार्टम कराया गया तो डॉक्टर भी हैरान रह गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला के प्राइवेट पार्ट में करीब 10 इंच लंबी लोहे की रेती डाली गई थी। शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान भी मिले थे। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मणिपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खैरबार गंझा डांड डेम के पास छिपा हुआ है, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस निर्मम वारदात ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है।

