खेल डेस्क। न्यूजीलैंड ने भारतीय सरजमीं पर इतिहास रचते हुए पहली बार वनडे सीरीज (Ind vs NZ ODI CUP) अपने नाम कर ली है। रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज भी 2-1 से जीत ली।
इस हार के साथ ही भारतीय टीम को होलकर स्टेडियम में पहली बार वनडे में शिकस्त झेलनी पड़ी।

338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर ऑलआउट हो गई। विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 108 गेंदों पर 124 रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी भारत को जीत नहीं दिला सकी।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 58 रन के स्कोर पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल हालात में डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 188 गेंदों में 219 रन की जबरदस्त साझेदारी की।
मिचेल ने 137 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने भी 106 रन बनाकर भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस दमदार साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को ठोस शुरुआत नहीं मिल सकी। शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। ऐसे में विराट कोहली एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने संयम व आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए शतक जड़ा।
कोहली ने नीतीश रेड्डी (53 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। इसके बाद 7वें विकेट के लिए हर्षित राणा (52 रन) के साथ 99 रन की पार्टनरशिप जरूर की, लेकिन रन रेट के बढ़ते दबाव और दूसरे छोर से विकेट गिरने के कारण भारत लक्ष्य से दूर रह गया।
भारत की हार का बड़ा कारण शीर्ष क्रम का पूरी तरह फेल होना रहा। रोहित शर्मा 11, कप्तान शुभमन गिल 23, श्रेयस अय्यर 3 और केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती चार विकेटों के बीच कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी, जिससे मध्यक्रम पर भारी दबाव आ गया।
न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्टियन क्लार्क और जैक फॉल्क्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

शानदार शतक और निर्णायक साझेदारी के लिए डेरिल मिचेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही उन्हें पूरे सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी मिला। इस टूर्नामेंट में मिचेल ने हर मैच में शानदार प्रदर्शन किया। सीरीज में मिचेल ने 2 शतक और 1 अर्धशतक लगाया।
यह भी पढ़ें : इंदौर में साफ पानी के लिए शुभमन गिल ने होटल के कमरे में लगवाई 3 लाख की फिल्ट्रेशन मशीन

