रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में नौतपा शुरू होते ही भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी गर्मी का प्रकोप जारी है और यहां पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेशवासियों को राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। बिलासपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन दिन तक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44-45 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 29 मई से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना सबसे ज्यादा बताई जा रही है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है। अचानक मौसम बदलने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में भी बुधवार को भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रह सकता है। दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

