Manish Malhotra: फेमस फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मां गरिमा मल्होत्रा का निधन हो गया है, जिससे पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर सामने आते ही इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे मनीष को सांत्वना देने उनके मुंबई स्थित घर पहुंचे। मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर, करिश्मा कपूर, वरुण धवन, सोनाली बेंद्रे, उर्मिला मातोंडकर और फातिमा सना शेख सहित कई सेलेब्स ने पहुंचकर गरिमा मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बताया जा रहा है कि मनीष अपनी मां के बेहद करीब थे और उनके साथ ही अपने बंगले में रहते थे। हालांकि उनकी मौत का कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इस खबर ने उनके परिवार और करीबियों को गहरे दुख में डाल दिया है। इससे पहले मनीष मल्होत्रा अपने पिता को भी खो चुके हैं, जिनका निधन साल 2019 में हुआ था।

मनीष अक्सर अपनी मां के साथ अपने खास रिश्ते को लेकर बात करते थे और उन्हें अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा मानते थे। मदर्स डे के मौके पर उन्होंने एक भावुक पोस्ट शेयर कर मां को अपनी ताकत और साथी बताया था। एक इंटरव्यू में भी उन्होंने बताया था कि बचपन से ही उनकी मां ने उनके सपनों को समझा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दुखद खबर के बाद से सोशल मीडिया पर भी लोग मनीष मल्होत्रा को सांत्वना दे रहे हैं और उनकी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।



