घरेलू शेयर बाजार में जारी गिरावट का सिलसिला बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी कायम रहा। कारोबारी सत्र के अंत में बीएसई सेंसेक्स 102.20 अंकों यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,961.14 अंकों पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 37.95 अंकों (0.14 प्रतिशत) की कमजोरी के साथ 26,140.75 अंकों पर बंद हुआ।
बाजार की इस गिरावट के बीच आईटी सेक्टर के शेयरों में मजबूती देखने को मिली, जिसने बाजार को और बड़ी गिरावट से संभालने का काम किया। हालांकि, अन्य सेक्टरों में दबाव बना रहा, जिसके चलते प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार और मंगलवार को भी शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। मंगलवार को सेंसेक्स 376.28 अंकों (0.44 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 85,063.34 अंकों पर और निफ्टी 71.60 अंकों (0.27 प्रतिशत) के नुकसान के साथ 26,178.70 अंकों पर बंद हुआ था।




