कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सड़क सुरक्षा को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 24 दिसंबर की रात सुमनहल्ली फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार एसयूवी ने बुलेट सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुलेट बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय और तेज गति से कार दौड़ा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एसयूवी से चिंगारियां निकलती देख लोग हैरान रह गए। दरअसल कार के नीचे फंसी बुलेट बाइक करीब 500 मीटर तक घसीटी जाती रही। इस दौरान बुलेट सवार युवक सड़क पर गिर गया, जिससे उसके हाथ, पैर और सीने में चोटें आईं। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।
घटना को देख कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए कार का पीछा किया और रास्ते में जबरन वाहन रुकवाया। कार चालक को बाहर निकालने पर पता चला कि वह नशे में धुत था। इसके बाद उसे ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।




