रायपुर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हुक्का और प्रतिबंधित तंबाकू सामग्री के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की सामग्रियां जब्त की है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 की रात्रि खमतराई थाना क्षेत्रांतर्गत न्यू गोंदवारा बस्ती स्थित एक गोदाम में प्रतिबंधित सिगरेट, ई-सिगरेट, हुक्का एवं हुक्का से संबंधित सामग्रियों के अवैध भंडारण की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।



