पाटन। शक्ति आराधना के पावन पर्व नवरात्रि के सातवें दिन जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों—ग्राम आगेसरा स्थित वृंदा देवी मंदिर एवं ग्राम कौही के प्राचीन कौहेश्वर महादेव मंदिर—में पहुँचकर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ ज्योति जवारा दर्शन एवं पूजा-अर्चना की।
उन्होंने ग्राम आगेसरा स्थित वृंदा देवी मंदिर में प्रज्वलित ज्योति जवारा के दर्शन कर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं कीं। इसके पश्चात ग्राम कौही स्थित कौहेश्वर महादेव मंदिर में भगवान महादेव के दर्शन कर क्षेत्र में खुशहाली, उन्नति एवं निरंतर विकास की प्रार्थना की।
इसी दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सेमरी में सरपंच कविता वीरेंद्र ठाकुर के निवास पर आयोजित ज्योति जवारा दर्शन कार्यक्रम में भी भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर, जिला पंचायत सभापति कल्पना साहू, योगेश्वर साहू, पप्पू साहू सहित क्षेत्र की माताएं, बहनें, बुजुर्ग, युवा साथी एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि नवरात्रि का यह पावन पर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और शक्ति का प्रतीक है, जो हमें समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने माँ दुर्गा एवं भगवान महादेव से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।
