बीजापुर। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनगा–पेद्दाकोरमा इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सोमवार को डीआरजी बीजापुर, थाना गंगालूर पुलिस एवं बीडीएस की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुई थी। इसी दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए करीब 10 किलोग्राम वजनी आईईडी (IED) को बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त सुरक्षा बल डीमाइनिंग कार्रवाई करते हुए मुनगा रोड से कुछ दूरी पर पगडंडी मार्ग की सर्चिंग कर रहे थे, तभी संदिग्ध स्थान पर आईईडी होने की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही बीडीएस बीजापुर की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि टल गई और नक्सलियों की नापाक साजिश विफल हो गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा।




