दिल्ली। नया साल 2026 सिर्फ तारीख बदलने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके साथ ही देशभर में कई अहम नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं। 1 जनवरी 2026 से बैंकिंग, टैक्स, राशन कार्ड, किसानों से जुड़ी योजनाएं, गैस की कीमतें, डिजिटल पेमेंट, सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और रियल एस्टेट से जुड़े नियमों में बदलाव की संभावना है। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।
घरेलू गैस सस्ती होने की उम्मीद
हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाती है। दिसंबर में कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि 1 जनवरी 2026 से घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में भी कमी आ सकती है। वहीं टैक्स व्यवस्था और जोन सिस्टम में संभावित बदलाव के चलते CNG और PNG के दाम भी सस्ते हो सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।
सोशल मीडिया पर बढ़ सकती है सख्ती
नए साल में सोशल मीडिया को लेकर नियम सख्त किए जा सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया की तर्ज पर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर नियंत्रण के लिए नए प्रावधान लाने की चर्चा है। इससे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ सकती है।
राशन कार्ड प्रक्रिया होगी आसान
1 जनवरी 2026 से राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और सरल किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी होगी।




