धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण, भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों की खुली पोल — राकेश ठाकुर

NFA@0298
4 Min Read


  • 20 प्रतिशत धान की नही हो पाएगी खरीदी, मंगलवार तक कलेक्टर दुर्ग को टोकन लिमिट बढ़ाने अथवा धान खरीदी का समय बढ़ाने अल्टीमेटम

पाटन। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के जिला अध्यक्ष श्री राकेश ठाकुर ने जामगांव (एम) सहित क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों एवं धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाएं खुलकर सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष श्री ठाकुर ने धान की तौल प्रक्रिया, बारदाना की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, उठाव एवं परिवहन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने निर्धारित तिथि तक धान खरीदी पूरी न होने, टोकन की सीमा कम होने तथा कर्मचारियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं।
जामगांव (एम) सोसायटी का आंकड़ा साझा करते हुए श्री ठाकुर ने बताया कि 31 जनवरी तक कुल लगभग 50 हजार क्विंटल धान खरीदी का ही टोकन जारी किया गया है, जबकि उक्त सोसायटी में कुल 62 हजार क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। ऐसी ही स्थिति पूरे दुर्ग जिले में बनी हुई है, जिससे लगभग 20 प्रतिशत धान की खरीदी नहीं हो पाएगी। यह भाजपा सरकार की सोची-समझी साजिश को दर्शाता है, जिसमें किसानों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि “भाजपा सरकार किसानों के पसीने की कमाई के साथ खुला खिलवाड़ कर रही है। एक ओर करोड़ों रुपये का धान गोदामों में ‘मुसवा (चूहा)’ के नाम पर गायब किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर किसान अपना धान बेचने के लिए घंटों लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं।”
उन्होंने कहा कि वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था से यह स्पष्ट है कि सरकार लगभग 20 प्रतिशत धान की खरीदी करने में असफल रहेगी, जो भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार का जीवंत प्रमाण है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री ठाकुर ने कलेक्टर, दुर्ग से मांग की कि मंगलवार तक किसानों का शत-प्रतिशत धान खरीदी सुनिश्चित करने हेतु तत्काल टोकन लिमिट बढ़ाई जाए अथवा धान खरीदी की समय-सीमा में विस्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह मांग पूरी नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की धान खरीदी व्यवस्था पूरे देश में मिसाल थी, लेकिन भाजपा शासन में किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। धान खरीदी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव, अव्यवस्थित तौल और समय पर खरीदी न होना भाजपा सरकार की किसान विरोधी सोच को उजागर करता है।
निरीक्षण के दौरान श्री ठाकुर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए तथा किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनकी हर समस्या को मजबूती से सड़क से सदन तक उठाएगी।
इस दौरान अनिल चन्द्राकर, धर्मेंद्र साहू,विक्की चन्द्राकर, वीरेंद्र साहू,जित्तू पटेल,सोमेश चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment