पाटन। विकासखंड पाटन के ग्राम देवादा में पारंपरिक घानी का निरीक्षण छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री जितेंद्र कुमार साहू ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पारंपरिक विधि से हो रही तेल पेराई प्रक्रिया, उपयोग में लाए जा रहे कच्चे माल की गुणवत्ता, उत्पादन व्यवस्था तथा स्वच्छता संबंधी प्रबंधों का गहन अवलोकन किया।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि पारंपरिक घानी पद्धति से तैयार तेल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली ग्राम स्तर पर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
निरीक्षण के दौरान श्री साहू ने घानी संचालक से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड का प्रमुख उद्देश्य पारंपरिक घानी उद्योग का संरक्षण, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन तथा किसानों एवं कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकमणि चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा दिव्या कलिहारी, सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा, सोसायटी अध्यक्ष नीलू वर्मा, गोपेश साहू, उपसरपंच सोहन साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

