रायपुर। राजधानी के देवपुरी इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर मार्किंग कर रही एक मशीन में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा और लोग घबराकर बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक, देवपुरी क्षेत्र में सड़क पर रोड मार्किंग का काम चल रहा था। इसी दौरान मार्किंग मशीन में अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग मामूली दिखाई दी, लेकिन कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया और मशीन में विस्फोट हो गया।
बताया जा रहा है कि वाहन चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और संबंधित विभाग मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




