दिल्ली। दिल्ली पुलिस के आउटर जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने उत्तम नगर इलाके में सक्रिय दूध चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दूध सप्लाई गाड़ियों का पीछा कर दूध और दही के क्रेट चोरी करते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गैंग का खुलासा एक वायरल सोशल मीडिया वीडियो के जरिए हुआ, जिसमें चोरी की वारदात कैद थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की।
3 अप्रैल को सूचना मिली कि मोहित उर्फ पाथा और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित शिव विहार, विकास नगर के पास चर्च के नजदीक आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर जाल बिछाया और दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से एक थ्री-व्हीलर बरामद हुआ, जिसमें 14 खाली दूध के क्रेट मिले। पूछताछ में पता चला कि यह वाहन प्रेम नगर इलाके से चोरी किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




