गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावनी इलाके में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम पर अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा अपने घर के आसपास खेल रहा था, तभी अचानक कई आवारा कुत्ते उस पर टूट पड़े। हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए कुत्तों ने मासूम को घसीटना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह शोर मचाकर कुत्तों को भगाया और बच्चे को उनके चंगुल से छुड़ाया।
घटना के बाद घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से आवारा कुत्तों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




