सूरत। गुजरात के सूरत शहर के जहांगीराबाद इलाके में स्थित ‘टाइम गैलेक्सी’ बिल्डिंग में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर रहने वाले 57 वर्षीय बुजुर्ग नितिनभाई आदिया खिड़की के पास सोते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए।
बताया जा रहा है कि 10वीं मंजिल से गिरने के बाद नितिनभाई सीधे जमीन पर गिरने के बजाय 8वीं मंजिल की खिड़की की बाहरी ग्रिल और बालकनी की रेलिंग के बीच फंस गए। इस दौरान उनका एक पैर जाली में बुरी तरह अटक गया और वे हवा में लटके रहे। नीचे से यह खौफनाक मंजर देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दमकलकर्मियों ने बेहद सतर्कता और सूझबूझ के साथ बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से ऊंची इमारतों में खिड़कियों और बालकनी के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।




