राजधानी दिल्ली मंगलवार सुबह गोलियों की आवाज से गूंज उठी जब शाहबाद डेयरी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक मर्डर केस में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। उनकी लोकेशन आउटर नॉर्थ जिले में मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें पकड़ने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से करीब 11 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्या पांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी बवाना इलाके में हुए व्यापारी हत्या मामले में वांछित थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।




