दिल्ली सरकार एनिमेशन, विज़ुअल इफैक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए एक नई पॉलिसी लाने की तैयारी कर रही है। इस पॉलिसी का उद्देश्य दिल्ली को ‘क्रिएटिव जॉब कैपिटल’ के रूप में स्थापित करना है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार का पर्यटन विभाग (Tourism Department) इस पॉलिसी का ड्राफ्ट अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। पॉलिसी को जल्द ही पब्लिक डोमेन में रखा जा सकता है, ताकि इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स, एक्सपर्ट्स और आम लोगों से सुझाव लिए जा सकें। सुझावों और फीडबैक के बाद ड्राफ्ट में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे, जिसके बाद इसे मंजूरी के लिए दिल्ली कैबिनेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अपने संबोधन में AVGC सेक्टर को बढ़ावा देने की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इंडस्ट्री को सपोर्ट करने के लिए एक समर्पित सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली के क्रिएटिव टैलेंट को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा। दिल्ली एक क्रिएटिव जॉब कैपिटल के तौर पर उभरेगी। हम विदेशी स्टूडियो को शहर में आकर्षित करेंगे। एनिमेशन, विजुअल इफैक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) के लिए नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का एक रीजनल सेंटर, जो मुंबई में बनेगा, वह भी दिल्ली में स्थापित किया जाएगा।”



