दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आयानगर अंधाधुंध फायरिंग मामले से जुड़े दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह एनकाउंटर द्वारका इलाके में हुआ, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आयानगर में हुई उस सनसनीखेज वारदात में शामिल थे, जिसमें 69 राउंड गोलियां चलाई गई थीं। इस हमले में 55 वर्षीय रतन लोहिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रतन लोहिया न्यू ईयर के दिन सुबह डेयरी पर दूध निकालने जा रहे थे, तभी कार सवार बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया है कि यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा थी। दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब दो साल से विवाद चल रहा था। पुलिस इस मामले को छह महीने पहले छतरपुर के सीडीआर चौक पर हुए अरुण हत्याकांड से भी जोड़कर देख रही है। उस मामले में मृतक रतन लोहिया का बेटा दीपक फिलहाल जेल में बंद है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि एनकाउंटर में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड और आपसी रंजिश की पूरी कड़ी को खंगालने में जुटी हुई है।




