देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर सनसनीखेज हत्या की वारदात से दहल उठी है। दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रचना यादव अपने पति की हत्या के मामले में गवाह थीं और इस केस की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही थी। तीन साल पहले उनके पति की हत्या हुई थी, जिसके बाद से ही वह कानूनी लड़ाई लड़ रही थीं। पुलिस को आशंका है कि यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े मामले में गवाह होने के कारण की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल इस हत्याकांड ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।




