अंबिकापुर। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिलासपुर चौक के पास एक भीषण हिट एंड रन की घटना सामने आई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक हाईवा के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।




