बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्किट हाउस रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी और चालक का नियंत्रण बिगड़ने के कारण वाहन सीधे पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




