बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार और सड़क पर स्टंटबाजी का खतरनाक चलन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रविवार सुबह सकरी थाना क्षेत्र के आसमा सिटी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय नाबालिग युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी प्रेम कुमार सिंह के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब 7 बजे प्रेम अपने दो–तीन साथियों के साथ R15 बाइक पर तेज रफ्तार में रेसिंग कर रहा था। इसी दौरान तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पहले सड़क किनारे लगे पान ठेले से टकराई और फिर पास के नाले में जा गिरी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि प्रेम सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और डायल-112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तेज रफ्तार व स्टंटबाजी को लेकर युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की है।




