बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र स्थित बिकमा तालाब के पास मगरमच्छ के छह नवजात बच्चों के मिलने से स्थानीय निवासियों में कौतूहल और चिंता की स्थिति बन गई। सुबह स्नान करने पहुंचे लोगों ने जब तालाब के किनारे बने गड्ढे में इन छोटे मगरमच्छों को देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी छह नवजात मगरमच्छों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वन विभाग के कार्यालय में प्रारंभिक जांच के बाद, इन सभी बच्चों को उनके प्राकृतिक और अनुकूल आवास, खुटाघाट बांध में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
