बिलासपुर। CG NEWS : जिले में हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी और लूटपाट करने वाले एक बड़े गिरोह को पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है। यह शातिर गैंग रात के अंधेरे में स्कार्पियो और ट्राइबर जैसी लग्जरी गाड़ियों से निकलता था और ड्राइवरों को डरा-धमकाकर डीजल लूट लेता था। पुलिस की विशेष टीम ने इस गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को धर दबोचा है, जिनके पास से गाड़ियां, चाकू और चोरी का डीजल बरामद हुआ है।
बिलासपुर के सिरगिट्टी और कोनी इलाके में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से लगातार हो रही डीजल चोरी और लूटपाट के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिरगिट्टी पुलिस और विशेष टीम ने मिलकर इस संगठित गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम संजय कुमार कुर्रे, मणीशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज हैं। ये सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में इन आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे रात के समय स्कार्पियो और ट्राइबर जैसी महंगी गाड़ियों में सवार होकर निकलते थे। हाईवे के किनारे खड़े जिन ट्रकों के ड्राइवर सो रहे होते थे, ये गैंग उनके डीजल टैंक को तोड़कर तेल चुरा लेता था। सिरगिट्टी में जब एक गाड़ी के स्टाफ ने इनका विरोध किया, तो इन आरोपियों ने उनके साथ चाकू दिखाकर मारपीट भी की थी।

चाकू, डपकड़े गए आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर गाड़ी, एक धारदार चाकू, 2600 रुपये नगद और 74 लीटर डीजल बरामद किया गया है। जांच में सामने आया है कि इस गैंग ने सिर्फ बिलासपुर ही नहीं, बल्कि बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़ और कोरबा सहित कई जिलों के हाईवे पर लूटपाट की दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पुरानी घटनाओं की जांच के आधार पर इस गिरोह तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की। पकड़े गए तीनों आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस गिरोह से जुड़े कुछ अन्य फरार सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
