जयपुर में दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार, रोज़ अस्पताल पहुँच रहे मरीज़

NFA@0298
3 Min Read



-मोहर सिंह मीणा

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र के सुशीलपुरा इलाक़े में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार हुए हैं.

बीते चार दिनों से मरीज़ों का लगातार अस्पताल पहुँचना जारी रहा. सरकारी डिस्पेंसरी युवाम -45 के प्रभारी डॉक्टर अनिल मेहता ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को फ़ोन पर बताया, “चार दिनों में 75 मरीज़ आ चुके हैं. इस समय भी कुछ मरीज़ इलाज कराने आए हैं.”

डॉक्टर मेहता ने बताया, “हर दिन 120 की ओपीडी में से डायरिया, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत से पीड़ित लगभग बीस लोग पहुँच रहे हैं.”

बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सुशीलपुरा के लोग दूषित पानी की शिकायत करते हुए स्थानीय विधायक को यही दूषित पानी पीने के लिए देते हैं.

स्थानीय निवासी मदन यादव ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से फ़ोन पर बताया, “बीते सोमवार रात सड़क निर्माण के दौरान सीवर लाइन टूट गई थी और पानी की पाइपलाइन भी डैमेज होने से पानी दूषित हो गया.”

वह कहते हैं, “इसकी जानकारी लोगों को नहीं होने के कारण सुबह वही पानी पी लिया, जिससे कुछ लोग बीमार हो गए और डिस्पेंसरी से दवाई लेनी पड़ी.”

स्थानीय निवासी रतन लाल का कहना है, “श्याम नगर इलाक़े में बड़ी पाइपलाइन टूटने के कारण पानी के दबाव को छोटी लाइनों में डायवर्ट किया गया. जिससे सीवर का पानी सप्लाई में मिल गया और पीने के पानी की परेशानी बनी रही.”

इस मामले में विधायक गोपाल शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर बातचीत में बताया, “यह पुरानी और जर्जर पाइपलाइन थी. जो कांग्रेस सरकार के समय में डाली गई थी. सड़क निर्माण के दौरान यह डैमेज होने से पानी दूषित हो गया.”

उन्होंने आरोप लगाया कि सीवर लाइन ‘उचित गहराई में नहीं डाली गई’ थी, जिस कारण सड़क निर्माण के दौरान वह डैमेज हुई है.

विधायक ने दावा करते हुए कहा, “अब पानी साफ़ आ रहा है लेकिन एहतियातन लीकेज की जाँच जारी है. एक अन्य जगह भी पाइप लाइन डैमेज मिली है. जिसे जल्द ठीक कर सड़क निर्माण पूरा किया जाएगा.”



Source link

Share This Article
Leave a Comment