सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक संविदा शिक्षक का छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद अभिभावकों और आम लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बतौली में पदस्थ संविदा शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल को छात्रा के साथ जंगल में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। इस पूरी घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने मामले को तूल दे दिया।
इस गंभीर मामले में शिकायतकर्ता अमित गुप्ता (प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा किसान मोर्चा) ने 21 अप्रैल 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 20 अप्रैल की मध्य रात्रि शिक्षक को छात्रा के साथ संदिग्ध और आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया।
वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इसे शिक्षा जगत पर कलंक बताते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगा सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश ओझा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
