सहारनपुर। Viral Video: बेहट थाना क्षेत्र के गांव पठानपुरा जसमौर में छेड़छाड़ के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक महिला से छेड़छाड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग दहशत में हैं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसमें साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं।

मामले को लेकर एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है, साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।



