जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की नागपुर इकाई ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुंबई जोनल यूनिट के तहत काम कर रही टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, DRI नागपुर यूनिट ने पैंगोलिन के स्केल्स (शल्क) की अवैध तस्करी में शामिल एक सिंडिकेट को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 16.528 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क बरामद किए गए हैं।
बरामद किए गए शल्क अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहद महंगे माने जाते हैं, जिसके चलते इनकी तस्करी बड़े स्तर पर की जाती है। यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।




