रायपुर। CG WEATHER NEWS: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन बारिश का दायरा सीमित होने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि मुंगेली और कवर्धा सहित कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश की कमी के चलते तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है और मानसून अभी भी प्रदेश की दहलीज पर पहुंचकर ठहरा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और कवर्धा में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में पश्चिम राजस्थान से गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा मध्य उत्तर प्रदेश से पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक ऊपरी हवा में भी द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

