छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेशव्यापी जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ की शुरुआत आज से कर दी है। इस यात्रा का लक्ष्य प्रदेश की 11,664 ग्राम पंचायतों और 20 हजार से अधिक गांवों तक पहुंच बनाना है।
यात्रा को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारी की है। ब्लॉक स्तर पर 400 से अधिक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जो यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने बताया कि पिछले दो महीनों से पार्टी की लगातार मैराथन बैठकें चल रही थीं। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक और सह-प्रभारी मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया गया है।
उन्होंने बताया कि पार्टी की संगठनात्मक संरचना के अनुरूप पूरे प्रदेश में 450 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।




