भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटी ने ही अपने परिवार का विश्वास तोड़ते हुए घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
मामले की शिकायत 21 जनवरी को एम नचैयां ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को उनके घर से करीब 8.59 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए थे और इस घटना में उनकी 26 वर्षीय बेटी एम श्यामला पर शक है।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी एम श्यामला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी किए गए गहनों का एक हिस्सा उसने एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर पैसे हासिल कर लिए थे, जबकि बाकी गहने अपने पास छिपाकर रखे थे।
पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से करीब 7 तोला सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। भिलाई भट्ठी पुलिस फिलहाल पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।




