[ad_1]
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में मंगलवार को एक मकान से नौकरशाही से लेकर मीडिया और राजनीति तक चर्चित रहने वाले मानिक मेहता (Manik Mehta) की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना वाटर वर्ल्ड के पीछे स्थित इंद्रप्रस्थ इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर तो मानिक मेहता की मृत्यु हार्ट अटैक से होना प्रतीत हो रही है लेकिन पोस्टमॉर्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

सुबह जब पड़ोसियों ने मानिक मेहता को उनके घर में मृत पाया तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि परिजनों के आने के बाद ही पोस्ट मार्टम होगा।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखा तो जांच पड़ताल की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
मानिक मेहता चर्चित मिक्की मेहता केस से जुड़े हैं। डॉ. मिक्की मेहता की मौत 2001 में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। मानिक मेहता उन्हीं मिक्की मेहता के भाई हैं।
उल्लेखनीय है कि मानिक मेहता ने इस मामले में ही प्रदेश के वरिष्ठ और प्रभावशाली अफसर पूर्व डीजी मुकेश गुप्ता के खिलाफ कई शिकायतें भी की थीं। वे लगातार मुकेश गुप्ता के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अभियान चलाते रहे। उन्होंने अनेक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए लेकिन मुकेश गुप्ता के विरुद्ध किसी भी जांच में अब तक मानिक मेहता के आरोप टिके नहीं।
राज्य के पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर भी मुकेश गुप्ता के खिलाफ आरोप लगाते रहे। उनकी शिकायतों के आधार पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में भी मिक्की मेहता प्रकरण की जांच हुई थी। इस मुद्दे ने राज्य में राजनीति और नौकरशाही में खलबली मचा रखी थी पर आज तक किसी भी जांच में मुकेश गुप्ता को दोषी ठहराए जाने की खबर नहीं है।
[ad_2]
Source link